श्रावस्ती। जिले में आगामी दिनों में चेहल्लुम, दुर्गा पूजा, दशहरा व दीपावली का त्योहार मनाया जाएगा। जिसे शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को केंद्रीय शांति समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता डीएम नेहा प्रकाश ने की।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिलेवासी त्योहारों को हिल-मिलकर मनाएं। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे अमन चैन में बाधा उत्पन्न हो। जिलेवासियों से अपील है कि त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाते हुए गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करें। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या है तो जिला प्रशासन को अवश्य बताएं।
डीएम ने त्योहार पर बिजली, पानी व सफाई की व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत को रोस्टर के मुताबिक बिजली की आपूर्ति देने को कहा।
पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य ने कहा कि पूर्व की भांति त्योहारों को मनाने में जिलेवासियों का पूरा सहयोग मिला हैै। इसलिए इस बार त्योहार पर कोई भी ऐसा कृत्य न करें जिससे अमन चैन में बाधा उत्पन्न हो। उन्होंने सभी पुलिस क्षेत्राधिकारियों व थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। बैठक में एडीएम कमलेश चंद्र, एएसपी प्रवीण कुमार यादव, एसडीएम भिनगा प्रवेंद्र कुमार, इकौना आरपी चौधरी, जमुनहा सौरभ शुक्ला, आशुतोष, सीओ अतुल कुमार चौबे सहित अन्य अधिकारी, सभी थाना प्रभारी व दोनों समुदायों के बुद्धिजीवी मौजूद रहे।