15 हजार का इनामी पशु तस्कर दो साथियों संग गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रावस्ती। पुलिस ने रविवार रात को हुई मुठभेड़ में तीन शातिरों को नेपाल सीमा के जंगलों से दबोचा। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पकड़े गए बदमाश पशु तस्करी के मामले में वांछित थे जिन पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इनके कब्जे से पुलिस ने तमंचा व कारतूस भी बरामद किया।
मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लक्ष्मनपुर कोठी में रविवार को गोवध की घटना घटी थी। इस मामले में गांव के ही सात लोगों के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच चल ही रही थी कि रविवार रात पुलिस को सूचना मिली कि तीन आरोपी ककरदरी जंगल के रास्ते से आ रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस से घिरता देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर भी किया।
जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। उसकी पहचान लक्ष्मनपुर कोठी निवासी चोरे के रूप में हुई है। उसके दो अन्य साथी अब्दुल रहमान और ओझे उर्फ अहमद रजा को भी धर लिया गया।एसपी घनश्याम चौरसिया ने बताया कि चोरे को एनडीपीएस के मामले में 15 साल की कैद व डेढ़ लाख रुपए का जुर्माना हुआ था। वह तीन वर्ष पूर्व सजा पूरी कर जेल से बाहर आया था।