इकौना।
ग्राम पंचायत मध्यनगर मनोहरपुर में करन चौधरी के घर सोमवार रात चोरी हुई। चोर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह चोरी की जानकारी हुई। करन चौधरी ने बताया कि उनकी भाभी सुनीता का एसी खराब था। सोमवार रात वह बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो रही थीं। चोरों ने उनके बंद कमरे में घुसकर अलमारी का ताला तोड़ा। चोर 170 ग्राम चांदी की पाजेब, चार ग्राम सोने की बालियां, चांदी की बिछिया, अंगूठी और नकदी ले गए। सुबह घर से कुछ दूरी पर आभूषणों के खाली डिब्बे और कपड़े पड़े मिले। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर चोरों की गिरफ्तारी व माल बरामदगी की मांग की है। थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बताया कि जांच जारी है। जल्द चोरी का खुलासा किया जाएगा।