श्रावस्ती। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा जांच के लिए सोमवार की देर शाम सिरसिया थाना प्रभारी शैलकांत उपाध्याय ने पुलिस व एसएसबी टीम के साथ सुईया बार्डर पर गश्त की। उन्होंने टीम के साथ सीमा क्षेत्र से लगी नेपाल जाने वाली पगडंडियों की सुरक्षा व्यवस्था देखी और सीमावर्ती गांवों के ग्रामीणों से बातचीत कर जानकारी ली। इस दौरान सीमा क्षेत्र से गुजरने वाले लोगों के पहचान पत्र देखे गए और आवागमन का कारण पूछा गया। थाना प्रभारी ने बताया कि इंडो-नेपाल सीमा पर संदिग्ध गतिविधि की रोकथाम के लिए लगातार गश्त की जा रही है। ग्रामीणों से सीमा क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि व वस्तु के दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की गई है।