जलालपुर, अंबेडकरनगर। तहसील क्षेत्र के ग्राम सभा गौराकमाल लारपुर दक्षिण में नाले के निर्माण को लेकर किसानों और प्रशासन के बीच विवाद गहराता जा रहा है।
ग्रामीण नितिन पांडे, संतोष कुमार, बंशीधर, कैलाश सहित अन्य किसानों ने बताया कि उन्होंने बीते सितंबर माह में इस मामले की शिकायत जलालपुर के उपजिलाधिकारी राहुल गुप्ता से की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य जारी रहा। किसानों का कहना है कि जिस स्थान पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है, वह राजस्व नक्शे में दर्ज नहीं है। पीड़ितों ने 13 नवंबर 2025 को लखनऊ हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायालय संख्या तीन ने एसडीएम जलालपुर राहुल गुप्ता को राजस्व अभिलेखों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया था। एसडीएम के पेश होने न्यायालय ने पूछा कि संबंधित स्थान पर राजस्व अभिलेखों में नाला दर्ज है या नहीं तथा क्या किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया गया है या उन्हें मुआवजा दिया गया है।मामले में अगली सुनवाई 20 मार्च को निर्धारित की गई है। तब तक के लिए निर्माण पर रोक लगा दी गई है।