श्रावस्ती। आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले शुक्रवार को शिक्षामित्रों ने विभिन्न मांगों को लेकर बीएसए आकांक्षा रावत को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बीएसए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर नारेबाजी की गई। जिलाध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद बौद्ध ने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक पात्रता परीक्षा की अनिवार्यता को देखते हुए नवंबर में सेवारत शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी प्रस्तावित है। इसमें शिक्षामित्रों को भी आवेदन का अवसर दिया जाए। उन्होंने शिक्षामित्रों की सेवा स्थायी करने के लिए सेवा नियमावली बनाने, सेवाकाल 62 वर्ष करने और जिला व अंतरजनपदीय लंबित स्थानांतरण प्रक्रिया जल्द पूरी कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि विशेष टीईटी में अवसर मिलने से शिक्षामित्रों को राहत मिलेगी। प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष आशीष कुमार मिश्र, जिला मंत्री अनवर हुसैन, रामेश्वर शुक्ला, राजीव श्रीवास्तव, राजेश कुमार राव, ओम प्रकाश समेत अन्य शिक्षामित्र मौजूद रहे।