श्रावस्ती। जिले में लगातार हो रही बरसात के कारण कई विद्युत उपकेंद्रों में पानी भर जाने के कारण आपूर्ति बाधित कर दी गई है। वहीं कई उपकेंद्रों के ग्रामीण फीडरों के विद्युत पोल पानी में डूबे होने के कारण सप्लाई बाधित है। घोलिया उपकेंद्र की मेन सप्लाई भी बंद है। इसके चलते विगत दो दिनों से इस उपकेंद्र से जुड़े गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। लगातार आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों के सेल फोन भी बंद हो गए हैं। जिससे लोग अपनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं।
तराई में हो रही बरसात लोगों के लिए आफत बनी हुई है। लगातार बरसात के कारण जहां जमुनहा क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र उल्लहवा में पानी भर जाने के कारण समूचे उपकेंद्र की आपूर्ति बुधवार रात से बाधित है। वहीं भिनगा जंगल में जलभराव के कारण विद्युत उपकेंद्र घोलिया की इनकमिंग लाइन की आपूर्ति रोक दिए जाने से समूचे उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप है।
विद्युत उपकेंद्र गिलौला, कटरा, इकौना, सीताद्वार परिसर में पानी भर जाने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति दूसरे दिन भी बाधित रही। विद्युत उपकेंद्र भिनगा के नगरीय फीडर को छोड़ शेष फीडरों की आपूर्ति ठप कर दी गई है। यही स्थिति विद्युत उपकेंद्र बगुरइयां की भी है। जिसके कलेक्ट्रेट फीडर का संचालन किया जा रहा है। जबकि मछरिहवा फीडर की आपूर्ति बाधित कर दी गई है। ऐसे में लगातार हो रही बरसात के कारण जहां लोगों के घरों में विषैले जीव-जंतुओं का खतरा बना हुआ है। वहीं विद्युत आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों की मुश्किलें भी बढ़ गई है। लगातार बिजली कटौती के कारण लोगों के घरों में लगे विद्युत उपकरण ही नहीं उनके सेल फोन भी बंद हो गए हैं। जिससे लोग अपनों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। लगातार आपूर्ति बाधित होने से करीब एक लाख उपभोक्ता व आठ लाख की आबादी प्रभावित है। वहीं बिजली निगम के जिम्मेदार अधिकारी मौसम सामान्य होने पर आपूर्ति सामान्य होने की बात कह रहे हैं।