गिरंट बाजार। मल्हीपुर सीएचसी की स्टाफ नर्स पर अवैध धन उगाही और गलत प्रसव कराने का आरोप लगा है। मल्हीपुर के इटहिया खजुरी निवासी पीड़ित ओमप्रकाश आर्य ने डीएम को शिकायती पत्र भेजा। उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को पत्नी शांति के प्रसव के लिए स्टाफ नर्स आरती यादव ने 2000 रुपये मांगे। पैसे न देने पर गलत प्रसव कराया गया, फिर रेफर के लिए 1200 रुपये लिए गए। बहराइच और लखनऊ रेफर के बाद बच्चे की मौत हो गई। क्षेत्र के अन्य लोगों ने भी स्टाफ नर्स के विरुद्ध ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराई हैं। जमुनहा के अतुल ने अधीक्षक पर भी प्रसव के लिए 2000 रुपये मांगने का आरोप लगाया है। सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि इस घटना की जानकारी है, स्टाफ नर्स को प्रसव कक्ष से हटाने का आदेश दिया गया है। इस पर अधीक्षक ने स्टाफ नर्स को हटा दिया है। वहीं, अधीक्षक पर लगे आरोप के बारे में जानकारी नहीं है। इसकी भी जांच कराई जाएगी।