श्रावस्ती। थानों में दर्ज मुकदमों के निस्तारण में एसपी की सख्ती के बावजूद विवेचक रुचि नहीं ले रहे हैं। मंगलवार को सोनवा, मल्हीपुर व हरदत्त नगर गिरंट में अपराध समीक्षा के दौरान एसपी को 138 विवेचनाएं लंबित मिलीं। एसपी ने नाराजगी जाहिर करते हुए जल्द विवेचनाओं का निस्तारण करने का निर्देश दिया।
एसपी प्राची सिंह ने मंगलवार को सोनवा, मल्हीपुर व हरदत्त नगर गिरंट थाने की अपराध समीक्षा की। इस दौरान सोनवा में 12 विवेचकों की 48 विवेचनाएं लंबित मिलीं। वहीं मल्हीपुर में ग्यारह विवेचकों की 60 तथा हरदत्त नगर गिरंट में आठ विवेचकों की 30 विवेचनाएं लंबित मिलीं। इस पर एसपी ने नाराजगी जाहिर की।
सभी विवेचक तत्काल साक्ष्य संकलन कर विवेचनाओं का निस्तारण करें अन्यथा कार्रवाई होगी। इस दौरान एसपी ने हेल्पडेस्क पर तैनात महिला कर्मचारियों को भी दिशा-निर्देश दिए। इस मौके पर सीओ जमुनहा सतीश कुमार शर्मा सहित सभी थाना प्रभारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।