श्रावस्ती। वसंत पंचमी पर बुधवार को जिले के विभिन्न स्कूलों सहित अन्य स्थानों पर मां सरस्वती की पूजा हुई। कई निजी विद्यालयों व शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। वहीं इकौना के जगतजीत इंटर कॉलेज में हवन-पूजन हुआ।
जगजीत इंटर कॉलेज इकौना में वसंत पंचमी पर हवन-पूजन का आयोजन हुआ। इस दौरान प्रधानाचार्य डाॅ. भूदेश्वर पांडेय ने कहा कि वसंत को ऋतुराज अर्थात सभी ऋतुओं का राजा माना गया है। पंचमी से वसंत ऋतु का आगमन हो जाता है। बताया कि वसंत पंचमी को सरस्वती जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। वहीं कैंपस मार्टिस एकेडमी इकौना में बच्चों ने मां सरस्वती की पूजा व प्रार्थना की। इस मौके पर संतोष कुमार पांडेय व हरीश श्रीवास्तव समेत तमाम छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। वहीं राजकीय आश्रम पद्धति बालिका विद्यालय भयापुरवा, गिलौला के कृष्ण लली सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला, जमुनहा के सरस्वती शिशु मंदिर रानी पुरवा में सरस्वती पूजन कार्यक्रम के दौरान हवन पूजन कर मां सरस्वती से विद्या का वरदान मांगा गया।