श्रावस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद 15 सितंबर तक माध्यमिक विद्यालयों में स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता की भावना पैदा करना और विद्यालय परिसर को स्वच्छ बनाना है। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। जल संरक्षण व स्वच्छता विषय पर निबंध लेखन, स्लोगन लेखन, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसके तहत विद्यार्थियों को विद्यालय, घर और अपने शरीर की सफाई के बारे में जागरूक किया जाएगा। विद्यालय परिसर में रखे टूटे सामान व अन्य निष्प्रयोज्य वस्तुओं का भी उचित निस्तारण किया जाएगा।