श्रावस्ती। शासन के निर्देश के बावजूद बृहस्पतिवार को रामनवमी पर कहीं कार्यालयों में ताला लटकता रहा तो कहीं कार्यालय खुले रहे। जहां अधिकारी व कर्मचारी बजट को खपाने में लगे रहे। वहीं कई कार्यालयों में विभागाध्यक्ष नदारद रहे तो कर्मचारी भी बैठ कर कागजी कोरम पूरा करते नजर आए। वित्तीय वर्ष 2022-23 आज शुक्रवार को समाप्त हो रहा है। ऐसे में शासन की ओर से बृहस्पतिवार को रामनवमी का अवकाश होने के बावजूद कार्यालयों को खुला रखने का निर्देश दिया गया था। जिसका जिले में कितना अनुपालन हुआ। जब अमर उजाला ने मौका मुआयना किया तो स्थिति अलग अलग देखने को मिली। बीएसए कार्यालय आदेश के अनुपालन में खुला रहा। जहां कर्मचारी कागजी कोरम पूरा करते दिखे। जबकि बीएसए सहित अन्य अधिकारी नदारद थे। वहीं बगल में स्थिति जिला पंचायत कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लटक रहा था। पास में ही स्थिति पीडब्ल्यूडी कार्यालय खुला था। जहां कर्मचारी बजट को खपाने में लगे रहे। वहीं इसी परिसर में स्थापित पीएमजीएसवाई के कार्यालय में ताला लटक रहा था। यही हाल विकास भवन का भी था। जहां ज्यादातर कार्यालय बंद थे तो विभागाध्यक्ष भी अवकाश मना रहे थे। संवाद