श्रावस्ती। मल्हीपुर पुलिस ने मंगलवार शाम राप्ती बैराज के निकट एक युवक को एक किलो 469 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। इसकी कीमत लगभग 3.75 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के विरुद्ध पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मल्हीपुर क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिया नंबर एक पर एक व्यक्ति दिखा, जो पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे दबोच लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से चरस बरामद हुई। प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान बढ़ईपुरवा निवासी जाबिर के रूप में हुई है।