संवाद न्यूज एजेसी
श्रावस्ती। सिरसिया में करंट की चपेट में आने से देवरानी व जेठानी की मौत हो गई। यह घटना शंकरपुर गांव में घटी। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।
सिरसिया थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी गुलशन जहां (23) पत्नी मोहम्मद इरफान शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे घर में खाना बना रही थी। इस दौरान वह चावल धोने के लिए नल पर गई। नल में टुल्लू पंप लगा हुआ था और बारिश होने के कारण उसमें बिजली का करंट उतर आया था। जैसे ही गुलशन ने नल को छुआ तभी वह करंट की चपेट में आ गई और नल पकड़े-पकड़े ही गिर गई। पास में ही उसकी देवरानी फिराजुननिशा (20) पत्नी अब्दुल कासिम घर का काम कर रही थी।
उसने गुलशन को जमीन में पड़े देखा तो उसे उठाने के लिए वह भी नल पर पहुंच गई। जैसे ही उसने गुलशन को पकड़ा तभी वह भी करंट की चपेट में आ गई और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार में दो महिलाओं की मौत हो जाने के कारण गांव व परिवार में कोहराम मच गया। सिरसिया थानाध्यक्ष विशुनदेव पांडेय ने बताया कि उन्हें इस घटना की कोई सूचना नहीं है।