श्रावस्ती। अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित योजना की बुधवार को जिलाधिकारी ने समीक्षा किया। इस मौके पर विभाग ने अब तक इस योजना से कराए गए कार्य की जानकारी दी। इस योजना के तहत जिले में पेयजल सहित अन्य कार्य कराए गए हैं। समीक्षा के दौरान जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र राम ने बताया है कि केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय द्वारा प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम (पूर्व में एमएसडीपी योजना) से जिले के ग्राम भरथा कला, महरुमुर्तिहा, भरथा रोशनगढ़, मनवरिया दीवान, जमुनहा भवनियापुर, चन्दनकोटिया, देवरनिया तथा सिटकहवा में कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम द्वारा शुद्ध पेयजल की सुविधा के लिए कुल आठ ग्राम पंचायतों में पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। सभी स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है। यहां पेयजलापूर्ति की जा रही है।
ग्राम वर्गावर्गी, चहलवा, पतिझिया एवं हरिहरपुररानी में पेयजल आपूर्ति, ग्राम वर्गावर्गी में राजकीय इण्टर कालेज (सहशिक्षा) का निर्माण, राजकीय बालिका इण्टर कालेज भिनगा में अतिरिक्त कक्षा कक्ष एवं प्रयोगशाला निर्माण, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में शौचालय का निर्माण, विकास खंड जमुनहा तथा हरिहरपुररानी में कुल छह प्राथमिक विद्यालय का निर्माण, ग्राम नरपतपुर, भिखारीपुर मसढ़ी, आलागांव, लक्ष्मनपुर बाजार, रामपुरजब्दी तथा लक्ष्मनपुर इटवरिया में शुद्ध पेयजल के लिये पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका निर्माण कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा। समीक्षा के दौरान कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।