इकौना (श्रावस्ती)। सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना के स्काउट गाइड कैडेटों ने जागरूकता रैली निकाली। नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रैली वापस विद्यालय पहुंची। इस दौरान कैडेटों ने विभिन्न नारों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. भूदेश्वर पांडे व प्रभारी एआरटीओ प्रवर्तन रणवीर सिंह चौहान ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानाचार्य ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर बाइक व स्कूटर चलाते समय उच्च गुणवत्ता वाले हेलमेट पहनें।
प्रभारी एआरटीओ ने कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल से बात न करें। सड़क पर लगे संकेतकों का पालन करें। उप निरीक्षक यातायात मोहम्मद शमीम ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं से केवल नियमों का पालन करते हुए ही बचा जा सकता है। इस मौके पर उप प्रधानाचार्य घनश्याम, प्रवक्ता राम बिहारी बाजपेयी, एनसीसी प्रशिक्षक उदयभान पांडे, हनुमान प्रसाद समेत कई मौजूद रहे। संवाद