श्रावस्ती। श्रावस्ती एयरपोर्ट से जल्द उड़ान सेवा शुरू होने की तैयारी है। इसके लिए डीएम ने अग्निशमन व सुरक्षा में तैनात किए जाने वाले पुलिस कार्मिकों को प्रशिक्षण देने का आदेश दिया है। उड़ान से पूर्व डीजीसीए (डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन) जिले का भ्रमण भी करेंगे।
श्रावस्ती एयरपोर्ट का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इन कार्यों की समीक्षा मंगलवार को डीएम नेहा प्रकाश ने कलेक्ट्रेट सभागार में की। उन्होंने कहा कि डीजीसीए (डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन) के निरीक्षण से पूर्व सभी अवशेष कार्य को पूरा कर लिया जाए। अग्निशमन अधिकारी को निर्देशित किया कि एयरपोर्ट पर पर्याप्त फायर स्टाफ की तैनाती मुख्यालय स्तर से सुनिश्चित करा ली जाए।
एसपी अरविंद कुमार मौर्य को निर्देश दिया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा के दृष्टिगत तैनात होने वाले स्टाफ को प्रशिक्षण देने के लिए लखनऊ भेजकर प्रशिक्षण पूर्ण करा लिया जाए, ताकि एयरपोर्ट पर दक्ष व प्रशिक्षित सुरक्षाकर्मी ड्यूटी मानक के अनुसार कर सकें। बैठक का संचालन सहायक निदेशक एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया सत्येंद्र यादव ने किया। बैठक में एडीएम डीपी सिंह, एएसपी प्रवीण कुमार यादव, एसडीएम आरपी चौधरी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग एसके हरित, अग्निशमन अधिकारी संजय जायसवाल सहित अन्य मौजूद रहे।