श्रावस्ती। जिले में 43 परीक्षा केंद्रों पर 21515 यूपी बोर्ड के परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा देंगे। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में जिला समिति की बैठक हुई जिसमें प्रस्ताव तैयार कर माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजा गया।
वर्ष 2023 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल के 12644 और इंटर के 8871 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। बैठक में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा कि जिले में परिषद के मानक के अनुरूप 43 परीक्षा केंद्रों का प्रस्ताव भेजा गया है। राजकीय विद्यालयों के बाद आवश्यकतानुसार अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। वहीं भौगोलिक क्षेत्र की आवश्यकतानुसार मेरिट में अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश को बोर्ड परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह, अपर जिलाधिकारी डीपी सिंह, उपजिलाधिकारी इकौना रोहित, उपजिलाधिकारी जमुनहा सौरभ शुक्ला, उपजिलाधिकारी आरपी चौधरी, तहसीलदार भिनगा रामप्यारे समेत इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे। संवाद