श्रावस्ती। डेंगू मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसे देखते हुए जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी में डेंगू वार्ड बनाया गया है। जिले में अब तक ग्यारह लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें इकौना क्षेत्र में तीन, मल्हीपुर व हरिहरपुररानी क्षेत्र में दो-दो, सिरसिया में एक, भिनगा में दो व गिलौला में एक मरीज मिला है। इनमें से दो बच्चियों की मौत हो चुकी है। वहीं, जमुनहा व सिरसिया क्षेत्र में एक-एक मलेरिया रोगी भी मिले हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला अस्पताल में दस व सभी सीएचसी में छह-छह बेड का डेंगू वार्ड बनाया गया है। हालांकि, अब तक मरीजों को भर्ती नहीं किया गया है।
मच्छरदानी भी पुरानी ही लगाई गईं हैं। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी खंड विकास अधिकारियों व ईओ भिनगा व इकौना को फॉगिंग मशीन व पर्याप्त पैरासिरम व टेनीफॉस उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक कहीं भी दवा का छिड़काव नहीं कराया गया। यही कारण है कि नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू व मलेरिया के मरीज बढ़ते जा रहे हैं। वहीं, जिले की सभी सीएचसी में डेंगू किट सहित पचास-पचास हजार पैरासिटामॉल सहित अन्य आवश्यक दवाएं व सीरप उपलब्ध हैं।
ब्लॉक मुख्यालयों पर कोरोना काल में ही फॉगिंग मशीन उपलब्ध करा दी गई थी। भिनगा व इकौना नगर में पहले से ही मशीन मौजूद हैं। पर्याप्त मात्रा में पैरासिरम व टेनीफास उपलब्ध कराया जा चुका है। नगर व गांवों में फॉगिंग कराने की जिम्मेदारी ईओ व बीडीओ की है।
- डॉ. राकेश कुमार, सहायक मलेरिया अधिकारी