श्रावस्ती। जिले में 31 मार्च से पूर्व 1001 युवतियों के हाथ पीले कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित होने वाले इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से आवेदन मांगा गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रद्धा पांडे ने बताया कि योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में 1001 युगल जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इच्छुक अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत अथवा विकास खंड कार्यालय, नगर पंचायत व नगर पालिका कार्यालय में अपना आवेदन पत्र जमा कर सकते है। जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना कार्यक्रम 25 नवंबर से 31 मार्च तक आयोजित कराया जाएगा। इसके लिए कन्या के अभिभावक उत्तर प्रदेश के मूल निवासी हों, वह निराश्रित, निर्धन तथा जरूरतमंद हों।
आवेदक के परिवार की आय गरीबी रेखा की सीमा दो लाख से कम होना चाहिए। विवाह के लिए निराश्रित कन्या, विधवा महिला की पुत्री, दिव्यांगजन अभिभावक की पुत्री, ऐसी कन्या जो स्वयं दिव्यांग हो उसे प्राथमिकता दी जाएगी। योजना से प्रति जोड़े पर 51 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें 35 हजार रुपये कन्या के खाते में भेजा जाएगा। विवाह संस्कार के लिए आवश्यक सामग्री पर 10 हजार तथा कार्यक्रम के आयोजन पर छह हजार रुपये खर्च होंगे। संवाद