श्रावस्ती। हरी व ताजी सब्जियों पर महंगाई की मार पड़ रही है। इससे लोगों के घरों का बजट बिगड़ रहा है। मंडी व खुले बाजार के मूल्यों में भारी अंतर होने के कारण सब्जियां अब आम लोगों की थाली से दूर हो रहीं हैं। बरसात बाद चढ़े सब्जियों के भाव उतरने का नाम नहीं ले रहे हैं। मंडी की अपेक्षा खुले बाजार में मूल्य काफी ज्यादा है।
देखा जाए तो मंडी में 40 रुपये प्रति किलोग्राम मिलने वाला टमाटर बाजार में 50 से 60 रुपये तो तीस रुपये प्रति किलोग्राम मंडी में मिलने वाला नया आलू बाजार में 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। सभी सब्जियों के दामों में मंडी से बाजार के मूल्य में दस से बीस रुपये प्रति किलोग्राम का अंतर है। वहीं कलेक्ट्रेट चौराहे पर यह सब्जियां मंडी से दोगुना दामों पर बिक रही है। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओवर रेटिंग पर कार्रवाई न कर उसे नजर अंदाज कर रहे हैं।
सब्जियों के मौजूदा दाम
सब्जी मंडी बाजार
बैगन 14 30
परवल 42 80
शिमला मिर्च 50 80
नीबू 30 120
कद्दू 20 35
मिर्चा 22 80
हरी धनिया 80 150
भिंडी 15 30
लहसुन 20 40
अदरक 40 80
मंडी में मूल्य नियंत्रण की जिम्मेदारी मंडी सचिव की है जिसकी जिले में तैनाती नहीं है। संबंधित एसडीएम को पत्र भेजकर जांच कराई जाएगी।
-अनुभव सिंह, सीडीओ/प्रभारी डीएम