श्रावस्ती। बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वस्थ बालक-बालिका प्रतियोगिता का आयोजन होगा। 22 सितंबर को यह प्रतियोगिता सभी आंगनबाड़ी केंद्रों व परियोजना कार्यालय पर होगी। इसकी तैयारियां पूरी हो गई हैं। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय पोषण माह के तहत होना है।
इस संबंध में डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य पांच वर्ष तक के बच्चों के पोषण स्तर में सुधार लाना, पोषण की महत्ता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ ही एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का वातावरण बनाना है। ग्राम प्रधान व पंचायत सदस्यों के माध्यम से बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के महत्व के संबंध में जागरूकता लाई जाए।
प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान जो बच्चे स्वस्थ एवं सुपोषित पाए जाएंगे व जिनको पूर्व निर्धारित सेवाएं मिली हैं, उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। पुरस्कार के लिए स्वस्थ बालक व बालिका का चयन मानक के अनुसार किया जाएगा। पुरस्कृत होने वाले बच्चों के चयन के लिए ग्राम स्तर पर कार्यकत्री व सहायिका, पोषण पंचायत के सदस्य, ग्राम सभा के प्रतिनिधि, एएनएम व आशा एवं स्थानीय शिक्षकों को सदस्य के रूप में नामित किया गया है।