फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बोल बम से गूंजी गुप्त काशी, विभूतिनाथ में उमडे़ शिवभक्त

विज्ञापन
विज्ञापन
श्रावस्ती। कजरी तीज पर मंगलवार को सिरसिया के पांडव कालीन गुप्त काशी विभूतिनाथ मंदिर सहित अन्य शिवालयों में लाखों श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक किया। जलाभिषेक के लिए सोमवार से ही कांवरियों का जत्था विभूतिनाथ परिसर में एकत्र होने लगा था। यह सिलसिला मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा।
विज्ञापन

कजरी तीज का पर्व जिले में मंगलवार को पूर्ण श्रद्धा व उल्लास के साथ मनाया गया। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सिरसिया के ऐतिहासिक पांडवकालीन विभूतिनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मौसम की परवाह किए बगैर कांवरियों का जत्था पैदल ही विभूतिनाथ पहुंचा। जहां शिवभक्तों ने महादेव का दुग्ध, गंगाजल, शहद, रोली, चंदन, अक्षत, बेलपत्र, मदार, धतूर, गांजा के साथ ही रजियाताल एवं गुप्त गंगा से जल लाकर जलाभिषेक किया। भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के कारण मंदिर परिसर से लेकर सिरसिया तक वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। वाहन से आने वाले श्रद्धालुओं को सिरसिया से पैदल ही जाना पड़ा।
गिलौला के झारखंडी, सदाशिव महादेव व इकौना के बेचूबाबा सहित जिले के अन्य शिवालयों पर भी खूब भीड़ जुटी। विभूतिनाथ परिसर में कजरी तीज पर विशाल मेले का आयोजन किया गया था। मेले में आए लोग प्रोजेक्टर के साथ ही विभिन्न प्रकार के झूलों का आनंद लेते देखे गए। मेले में खुली सौंदर्य प्रसाधन, विशातखाना, खिलौनों व घरेलू उपयोग के सामान की दुकानों पर महिलाएं जुटीं। मेला परिसर में स्थापित फव्वारा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
विज्ञापन

विभूतिनाथ मंदिर पर कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा सोमवार सुबह से ही वाहनों को मेला परिसर से पूर्व ही रोक दिया गया। भिनगा की ओर से जाने वाले वाहनों को निराला नगर, फायर सर्विस ग्राउंड, त्रयंबकेश्वर विद्यालय परिसर, बनवारी देवी डिग्री कालेज परिसर व पटखौली बैरियर के पास रोका गया। लक्ष्मनपुर व जोखवा की ओर से जाने वाले वाहनों को तपसी इंटर कालेज सेमरहना के पास ही रोका गया। बलरामपुर व तुलसीपुर की ओर से आने वाले वाहनों को विभूतिनाथ मुख्य गेेट से पूर्व रोका गया।
कजरी तीज के मौके पर विभूतिनाथ परिसर में उमड़े श्रद्धालुओं के हुजूम को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा। मेले की व्यवस्था देखने के लिए जिलाधिकारी नेहा प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्य, तमाम पुलिस अधिकारी, 12 इंस्पेक्टर, 63 एसआई, 41 प्रधान आरक्षी, 225 आरक्षी, 69 महिला आरक्षी, छह यातायात पुलिस, 25 होमगार्ड व 52 पीआरडी सहित एक प्लाटून पीएसी के साथ ही सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात रहे।
कजरी तीज (हरितालिका तीज) पर सुहागिन महिलाओं ने मंगलवार को निर्जला व्रत रख माता पार्वती व भोलेनाथ की मिट्टी की प्रतिमा बनाकर पूजन अर्चन किया। इस दौरान सुहागिनों ने भोलेनाथ व माता पार्वती से सदा सुहागन रहने की कामना की। सुहागिनों ने भोलेनाथ पर दुग्ध, गंगाजल, शहद, रोली, चंदन, अक्षत, बेलपत्र, मदार, धतूर आदि चढ़ाकर उनका पूजन अर्चन किया। माता गौरी व गौरी सुत गजानन को सिंदूर व अक्षत चढ़ाया। शाम को सुहाग की सामग्री दानकर अमर सुहाग की कामना के साथ जल ग्रहण किया। व्रत रहने वाली सुहागिन महिलाएं बुधवार को व्रत का पारण करेंगी।
श्रीराम जानकी शिव मंदिर कटरा में मंगलवार को कजरी तीज पर भंडारे का आयोजन किया गया। इस दौरान बाबा जवाहर दास, श्रीराम जानकी सेवा समिति के अध्यक्ष धनीराम, आचार्य देवमणि पांडे, विजय कुमार सोनी व संतोष पटवा सहित काफी संख्या में क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें