अस्पताल में मौजूद परिजन और पुलिस
- फोटो : amar ujala
इकौना (श्रावस्ती) में चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान ने मौजूदा प्रधान के चचेरे भाई व चाचा -चाची सहित अन्य परिजनों पर गोलियां बरसा कर हमला कर दिया। कई राउंड फायरिंग के दौरान प्रधान के चचेरे भाई की मौत हो गई जबकि चाचा-चाची व एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
ग्राम पंचायत जयचंदपुर कटघरा अरविंद तिवारी मौजूदा प्रधान हैं। उनका पूर्व प्रधान शिवकुमार शुक्ल से चुनावी विवाद काफी दिनों से चल रहा था। गुरुवार शाम पांच बजे प्रधान के चाचा राकेश तिवारी अपने घर के सामने बैठे थे। तभी पूर्व प्रधान शिवकुमार शुक्ल से उनकी कहासुनी होने लगी।
देखते ही देखते पूर्व प्रधान के कुछ अन्य परिवारीजन राकेश तिवारी के घर के पास आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी। तभी पूर्व प्रधान की ओर से किसी ने राकेश तिवारी पर बंदूक से फायर कर दिया। इसमें संजय तिवारी पुत्र राकेश, राकेश तिवारी, विमला देवी पत्नी प्रेम नाथ व सुखदेव तिवारी को गोली लग गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने संजय तिवारी को मृत घोषित कर दिया। बाकी तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। सीओ इकौना संतोष कुमार व प्रभारी निरीक्षक महिमा नाथ उपाध्याय ने घटनास्थल का जायजा लिया।