कलेक्ट्रेट में अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपते शिक्षामित्र
श्रावस्ती। विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को शिक्षामित्र कलेक्ट्रेट परिसर में एकत्र हुए और मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्री मांगपत्र एसडीएम को सौंपा। शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष निर्मल शुक्ला ने बताया कि शिक्षामित्र पिछले 26 वर्षों से बेसिक शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने अप्रैल में शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाया है, जिसके लिए संघ आभार व्यक्त करता है, लेकिन कई समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। मांगपत्र में शिक्षामित्रों को विशेष टीईटी परीक्षा में शामिल करने, टीईटी उत्तीर्ण शिक्षामित्रों की सेवा को स्थायित्व देने, सेवा अवधि 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने और स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी करने की मांग की गई। इस दौरान सुभाष चंद्र, हितेंद्र पांडेय, रामअचल, अजय पाल सिंह, शंकर शरण शुक्ला, अशोक राव, अनंत राम तिवारी, लक्ष्मीराम वर्मा, किरन त्रिपाठी व अनुराधा पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।