तपोस्थली का भ्रमण करते स्काउट के प्रशिक्षणार्थी
कटरा। जगजीत इंटर कॉलेज इकौना में स्काउट गाइड, स्काउट मास्टर और स्काउट कैप्टन का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षणार्थियों ने सोमवार को तपोस्थली का शैक्षिक भ्रमण किया। प्रधानाचार्य राम बिहारी वाजपेई ने बताया कि यह प्रशिक्षण 18 अगस्त तक चलेगा। प्रशिक्षण के पांचवें दिन यह भ्रमण कराया गया था। भ्रमण के दौरान प्रशिक्षणार्थियों ने श्रीलंका मंदिर, वर्मा मंदिर और चीन मंदिर देखे। उन्होंने दिगंबर जैन मंदिर, महामांकोल और बुद्ध विहार का भी अवलोकन किया। इस अवसर पर उन्होंने इन स्थलों के इतिहास को जाना। जिला स्काउट आयुक्त ज्योति प्रकाश पांडेय ने कहा कि स्काउटिंग व्यक्ति में छिपे गुणों को उभारती है। ट्रेनर कामाछा प्रसाद पाठक ने बताया कि स्काउट प्रशिक्षण विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करता है। इस मौके पर कुसुम वर्मा, पल्लवी पांडेय और हनुमान प्रसाद भी उपस्थित रहे।