सीआरबी इंटर कॉलेज में शुरू हुई तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी, छात्रों ने प्रदर्शित किए मॉडल
संवाद न्यूज एजेंसी
कटरा (श्रावस्ती)। चौधरी राम बिहारी बुद्ध इंटर कॉलेज कटरा में सोमवार से जिला स्तरीय विज्ञान मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद भारत सरकार की ओर से आयोजित प्रदर्शनी का शुभारंभ इकौना ब्लाॅक प्रमुख मिथिलेश पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस दौरान विशिष्ट अतिथि अवधेश कुमार पांडे ने कहा कि आरोही चेरिटेबल ट्रस्ट एक पंजीकृत स्वैच्छिक ट्रस्ट है। ट्रस्ट विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान मला, औद्योगिक भ्रमण, प्रशिक्षण कार्यशालाओं इत्यादि गतिविधियों का आयोजन करती है। कार्यक्रम निदेशक भानु प्रकाश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद का उद्देश्य देश भर में सरल व सहज तरीके से लोगों में वैज्ञानिक अभिरुचि जगाने के लिए आयोजन करना है। विज्ञान मेला व प्रदर्शनी के माध्यम से छात्रों में वैज्ञानिक रुचि को बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
इस दौरान छात्रों ने मैग्नेटिक पावर ऊर्जा, पृथ्वी के तापमान में वृद्धि, चंद्रयान, भारत के प्रथम उपग्रह आर्यभट्ट, विभिन्न देशों की मुद्राएं, वर्षा मापी यंत्र, मौसम भविष्यवाणी यंत्र, पृथ्वी की अवस्था खनिज पदार्थों के इतिहास को माॅडलों के माध्यम से प्रदर्शित किया। इस दौरान विद्यालय की छात्रा स्वाति शुक्ला, हिमाली तिवारी, कविता पांडे ने सरस्वती वंदना व पलक पांडे, अंशिका मिश्रा, अक्षिता सिंह स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार यादव, शशि भूषण शुक्ला, कल्पना पाठक, सुनील धर दुबे, शशिकांत पांडे सहित छात्र छात्राएं व शिक्षक मौजूद रहे।