श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट के तथागत हाल में शनिवार को स्कूल चलो अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। जिसमें मौजूद अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने शिक्षा का महत्व बताते हुए छह से चौदह वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से विद्यालय भेजने की अपील की गई। इस दौरान छात्र-छात्राओं को नए सत्र की पुस्तकें भी दी गईं। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों को विद्यालय जरूर भेजें। विधायक रामफेरन पांडे ने कहा कि सरकार स्कूल चलो अभियान चलाकर नौनिहालों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ कर उनका भविष्य संवारने में लगी है। डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार लाने के लिए जिला प्रशासन कोशिश कर रहा है।
जिसमें ऑपरेशन कायाकल्प के तहत सभी परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही है। इस दौरान कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को यूनीफाॅर्म, स्कूल बैग व पुस्तकें भी भेंट की गई। वहीं निपुण आंकलन में उत्तीर्ण होने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर बीएसए अमित सिंह, एडीएम डीपी सिंह, सीएमओ डाॅ. एसपी तिवारी, अजीत उपाध्याय सहित काफी संख्या में जनप्रतिनिधि व छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं।