कटरा (श्रावस्ती)। डाकघरों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाए। तभी लोग डाकघरों में संचालित योजनाओं का फायदा समझ कर इससे जुड़ने के लिए आगे आएंगे। यह आह्वान चीफ पोस्टमास्टर जनरल कौशलेंद्र कुमार सिन्हा ने किया। वह गुरुवार को श्रावस्ती के कटरा स्थित उप डाकघर का निरीक्षण कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डाकघर में ग्राहकों के साथ बैठक कर उन्हें विभागीय योजनाओं के बारे जानकारी देते हुए इससे जुड़े फायदों के बारे में भी विस्तार से बताया।
श्रावस्ती पहुंचे चीफ पोस्ट मास्टर जनरल ने उप डाकघर में मौजूद लोगों को सुकन्या व बचत खाता खोलने के लिए प्रेरित करते हुए इसकी बढ़ी हुई ब्याज दर के बारे में बताया। उन्होंने निर्देश दिया कि डाक कर्मी पार्सल व अन्य सामान भेजने के लिए ग्राहकों को डाकघर में बुलाएं।
डाकघर निरीक्षण के बाद उन्होंने बौद्ध तपोस्थली से जुड़े गंधकुटी, शिवली स्तूप, कौशांबी कुटी, सभामंडप, सूर्य कुंड, ओड़ाझार, कच्ची व पक्की कुटी, महामंकोल बुध विहार, दिगंबर जैन मंदिर, विश्व शांति घंटा पार्क आदि का भ्रमण भी किया। दिगंबर जैन मंदिर पहुंचे चीफ पोस्ट मास्टर जनरल को दिगंबर मुनि सुबल सागर जी महाराज ने स्वरचित पुस्तक भेंट किया। इस मौके पर निदेशक डाक सेवाएं गोरखपुर परिक्षेत्र विनोद बिहारी शरण, सहायक अधीक्षक बहराइच मंडल अनिरुद्ध प्रसाद पांडे इत्यादि मौजूद रहे।