श्रावस्ती। जिला पंचायत ने शुक्रवार को विकास के लिए करीब 195 करोड़ रुपये का बजट पास किया। इसके साथ ही सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर एमबीबीएस चिकित्सक की तैनाती के साथ मुख्यालय पर ट्यूबवेल डिवीजन का प्रस्ताव भी पास हुआ। जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष दद्दन मिश्र ने की। बैठक में 195.04 करोड़ रुपये का बजट पास हुआ। इस वर्ष 104.38 करोड़ रुपये मनरेगा श्रम बजट भी निर्धारित किया गया है। नए वित्तीय वर्ष में 81.79 लाख रुपये ग्रामीण क्षेत्र में चलने वाले उद्योगों पर कर लगाकर वसूलने का निर्णय लिया गया है।
इसी के साथ जर्जर मार्गों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था, निराश्रित पशुओं के परिवहन हेतु कैटल कैचर वाहन क्रय करने के साथ जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लाने का प्रस्ताव पास किया गया है।
बैठक के संबंध में जानकारी देते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि सभी सदस्यों के साथ भिनगा विधायक, एमएलसी सहित अन्य सभी लोग शामिल हुए थे। जिला पंचायत की भूमि पर दुकान निर्माण, जिला पंचायत कर्मचारियों को भवन मरम्मत के लिए जिलानिधि से ऋण देने, पुरानी दुकानों के किराए में वृद्धि के साथ ही जल निकासी के लिए नाला व सड़क निर्माण का प्रस्ताव भी पास हुआ। संवाद