श्रावस्ती। प्रोबेशन व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की डीएम ने सोमवार को समीक्षा की। डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए लंबित कार्यों को समय से पूरा करने का निर्देश दिया।
कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में डीएम कृतिका शर्मा ने प्रोबेशन एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से संचालित योजनाओं की समीक्षा किया। इस दौरान उन्होंने कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि योजनाओं के संचालन की समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान उन्हें प्रोबेशन विभाग की ओर से संचालित कई योजनाओं के आवेदन आदि लंबित मिले। जिस पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने समय से उसे पूरा करने का निर्देश दिया। वहीं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के पूर्व दशम छात्रवृत्ति, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, शुल्क प्रतिपूर्ति योजना एवं प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम योजना की समीक्षा किया। जिसमें पात्रों को लाभान्वित कराने का निर्देश दिया। बैठक में एडीएम सुभाष चंद्र यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह व जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी देवेंद्र राम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।