श्रावस्ती। ग्राम रामपुर ककरा गांव निवासी राजू ने सोमवार को एसपी को शिकायती पत्र देकर कोतवाली पुलिस पर प्राथमिकी दर्ज न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज कर दबंगों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायती पत्र में राजू ने बताया कि गत दो मार्च को रंजिश के चलते गांव के कुछ दबंगों ने घर में घुसकर उनकी पत्नी कमला देवी को पीट दिया और जेवर व नकदी छीन ले गए। भिनगा कोतवाली पुलिस से शिकायत के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। संपूर्ण समाधान दिवस में भी शिकायती पत्र दिया, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इससे मनबढ़ आरोपियों ने सात मार्च को फिर हमला कर घर में आग लगा दी। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। अग्निकांड में गृहस्थी का सारा सामान जल गया। उन्होंने रात में ही परिवार सहित कोतवाली पहुंचकर कर शिकायत की, लेकिन पुलिस ने बिना एफआईआर दर्ज किए लौटा दिया। मामले में भिनगा कोतवाल राज प्रकाश सिंह का कहना है कि उन्होंने खुद मौके पर जाकर जांच की है। मामला पूरी तरह से झूठा हैं। राजू अपने पट्टीदारों को फंसाने के लिए मनगढ़ंत कहानी बना रहा है। इसलिए प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।