अप्रैल को अमर उजाला में प्रकाशित समाचार।
श्रावस्ती। बुद्ध की तपोस्थली श्रावस्ती आने वाले पर्यटक व अनुयायियों को बुद्ध के जीवन दर्शन को लेजर व स्लाइड शो के माध्यम से दिखाने की योजना परवान नहीं चढ़ रही है। अमर उजाला ने इस मुद्दे को 11 अप्रैल के संस्करण में 36 करोड़ खर्च फिर भी नहीं शुरू हुआ लेजर शो शीर्षक से खबर प्रकाशित कर प्रमुखता से उठाया था। इसे मुख्यमंत्री कार्यालय ने संज्ञान लिया है। मामले में आयुक्त देवीपाटन मंडल गोंडा शशि भूषण लाल सुशील ने क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी को पत्र भेजा है। पत्र में अमर उजाला की खबर का उल्लेख किया गया है। खबर की कटिंग भी संलग्न की गई है। मंडलायुक्त ने खबर में दिए गए तथ्यों के संबंध में तत्काल नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। साथ ही वस्तु स्थिति की रिपोर्ट परियोजना की पत्रावली सहित सात दिनों के अंदर मंडलायुक्त के समक्ष व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।