तुलसीपुर (श्रावस्ती)। पूर्वांचल विकास बोर्ड के सदस्य बौद्ध अरविंद कुमार पटेल शुक्रवार को सोनवा पहुंचे। जहां उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में तैनात चिकित्सक डाॅ. विवेक गुप्ता बगैर पूर्व सूचना के अस्पताल से तीन दिन से नदारद मिले। वहीं डाॅ. विपिन ओझा व प्रमोद सिंह अस्पताल नहीं पहुंचे थे। यहां बेड पर चादर नहीं बदली गई थी। अस्पताल परिसर में उन्हें गंदगी देखने को मिली। जिस पर उन्होंने नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में केवल फार्मासिस्ट सहदेव प्रसाद मिश्र ही मौजूद थे। यहां मौजूद रामसूरत चौधरी ने बताया कि विगत छह माह से अस्पताल में कोई एक्स-रे नहीं हुआ है। इतना ही नहीं सुबह 11:15 बजे तक चिकित्सक के न आने के कारण ओपीडी शुरू नहीं हुई थी। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सोनवा का निरीक्षण किया। जहां प्रधानाचार्य मोनिका सिन्हा, शिक्षामित्र अनिता वर्मा व गुंजा वर्मा मौजूद मिलीं। संवाद