श्रावस्ती। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु और श्रम बंधु की बैठक हुई। डीएम ने पात्र उद्यमियों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और ओडीओपी की प्रगति की समीक्षा की। बैंक शाखा प्रबंधकों को अधिक से अधिक ऋण आवेदन स्वीकृत करने को कहा। श्रम बंधु की बैठक में निर्माण प्रतिष्ठानों के पंजीकरण और श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी को ऑनलाइन आवेदनों का समय से निस्तारण करने और बाल श्रमिकों की पहचान, मुक्ति व पुनर्वास के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ शाहिद अहमद, एडीएम ललित कुमार आदि मौजूद रहे।