एलिम्को कानपुर के सहयोग से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र ब्लाॅक मुख्यालयों पर आयोजित करेगा शिविर
श्रावस्ती। दिव्यांगों को कृत्रिम अंग व बुजुर्गों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए मेजरमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह कैंप सभी ब्लाॅकों के सभागार में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र एलिम्को कानपुर के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। जिले में दिव्यांगों की संख्या करीब 22 हजार है। ऐसे दिव्यांग जो कृत्रिम अंग या फिर सहायक उपकरण पाकर सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं। इन लोगों के लिए डीएम नेहा प्रकाश के प्रयास से एलिम्को कानपुर व जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण देने के लिए असेसमेंट कैंप का आयोजन किया है। यह शिविर जिले में 15 मई से 20 मई तक जिले के सभी ब्लाॅक सभागार में अलग-अलग निर्धारित तिथियों में आयोजित होगा। कैंप में बुजुर्गों को भी सहायक उपकरण देने के लिए उसका मेजरमेंट किया जाएगा।
बॉक्स में
ये मिलेगी सुविधा
दिव्यांगों को कृत्रिम अंगों के साथ ही वृद्धों को चश्मा, दांत, छड़ी, वाकर के साथ अन्य सहायक उपकरण का मेजरमेंट किया जाएगा। यह उपकरण उन्हें बाद में कैंप लगा कर दिए जाएंगे। इसी के साथ ही यदि किसी दिव्यांग को ऑपरेशन करके उसकी दिव्यांगता ठीक की जा सकती है तो उसको भी चिन्हित करके उसका निशुल्क इलाज किया जाएगा।
कहां कब लगेगा शिविर
हरिहरपुररानी ब्लॉक सभागार में 15 मई, जमुनहा ब्लाॅक सभागार में 16 मई, सिरसिया ब्लाॅक सभागार में 17 मई, गिलौला ब्लॉक सभागार में 18 मई, इकौना सभागार में 19 मई व जिला स्तरीय कैंप का आयोजन संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा में 20 मई को आयोजित किया जाएगा। इसमें पूरे जिले से दिव्यांग आ सकते हैं।