श्रावस्ती। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने कक्षा नौ से 12 तक के विद्यार्थियों की नामावली और कोषपत्र जमा नहीं करने वाले विद्यालयों को चेतावनी दी है। दस्तावेज जमा करने के लिए 26 अक्तूबर तक अंतिम मौका दिया गया है। परिषद के अनुसार, कक्षा नौ व 11 के अग्रिम पंजीकरण और कक्षा 10 व 12 के परीक्षा आवेदनों से संबंधित दस्तावेज अब तक कई विद्यालयों ने जमा नहीं किए हैं। पहले अंतिम तिथि 15 अक्तूबर थी, जिसे बढ़ाकर 22 अक्तूबर किया गया था। इसके बावजूद लापरवाही जारी रही। डीआईओएस सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि निर्धारित समय में दस्तावेज जमा नहीं करने पर संबंधित प्रधानाचार्यों का उत्तरदायित्व तय कर कार्रवाई की जाएगी।