श्रावस्ती। समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति योजना के तहत विद्यार्थी द्वितीय चरण के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन पोर्टल डाउन होने से आवेदन सबमिट नहीं हो पा रहा है। इससे विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। योजना के प्रथम चरण में 2,852 विद्यार्थियों को 76,79,855 रुपये का भुगतान उनके खातों में किया जा चुका है। अब दूसरे चरण के आवेदन में पोर्टल पर ‘कमिंग सून’ लिखा आ रहा है। इसके बाद विद्यार्थियों को पूरी प्रक्रिया दोबारा करनी पड़ रही है। प्रधानाचार्य अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्तूबर निर्धारित है। ऐसे में समय से आवेदन नहीं होने पर विद्यार्थी छात्रवृत्ति से वंचित हो सकते हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. अमरनाथ यति ने बताया कि भुगतान के कारण पोर्टल की गति मंद हुई है। एक-दो दिन में पोर्टल सामान्य हो जाएगा।