श्रावस्ती। रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा सहित पुलिस कार्यालय व सभी थाना तथा चौकियों में रविवार को सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने अधिकारियों के साथ श्रमदान कर परिसर की सफाई की। जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों, पुलिस कार्यालय सहित रिजर्व पुलिस लाइन भिनगा में रविवार एसपी प्राची सिंह के निर्देश पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह साढ़े छह से आठ बजे तक चले इस व्यापक सफाई अभियान में प्रभारियों ने मातहतों के साथ परिसर व भवनों की छत तथा दीवारों पर उगी घास को साफ किया।
पुलिस कार्यालय में एएसपी प्रवीण कुमार यादव व सीओ जमुनहा सतीश कुमार शर्मा के मौजूदगी में अधिकारियों व कर्मचारियों ने परिसर की सफाई की। पुलिस लाइन में सीओ नगर अतुल कुमार चौबे के नेतृत्व में पुलिस लाइन में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों ने चिल्ड्रन पार्क, परेड ग्राउंड, फैमिली क्वार्टर के आसपास, बैरकों की सफाई की। इसी क्रम में सभी थाना, चौकी, फायर सर्विस, यूपी 112 कार्यालय मे सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों व शस्त्रों की सफाई की गई। इस मौके पर सभी संबंधित प्रभारी व मातहत मौजूद रहे। संवाद