तुलसीपुर (श्रावस्ती)। ददौरा के मजरा गलगल कोटिया निवासी पिता पुत्र ने हरदत्त नगर गिरंट पुलिस पर फर्जी मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाया है। मामले में पिता पुत्र ने राज्यपाल व एसपी को पत्र भेज कर न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के ग्राम ददौरा के मजरा गलगलकोटिया निवासी महमूद खां ने पत्र में आरोप लगाया है कि उसे व उसके पुत्र को फंसाने के लिए हरदत्त नगर गिरंट पुलिस ने गैर इरादतन हत्या, दंगा सहित कई धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित ने एसपी से इस मामले में हस्तक्षेप कर पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है।
टोल फ्री नंबर पर मिस्ड कॉल दें भाजपा से जुड़े छात्र
इकौना (श्रावस्ती)। मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर भाजपा की ओर से महा जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को श्रावस्ती विधायक रामफेरन पांडे ने जगतजीत इंटर कॉलेज इकौना में छात्रों से सीधा संवाद कर उन्हें पार्टियों की रीतियों व नीतियों के बारे में जानकारी दी। साथ ही बताया कि कोई भी विद्यार्थी 9090902024 पर मिस कॉल करने लोगों को भाजपा से जुड़ने के लिए प्रेरित कर सकता है। उन्होंने मौजूद लोगों का आह्वान किया कि सभी लोग वर्ष 2024 में फिर से नरेंद्र मोदी की अगुवाई में केंद्र में भाजपा की सरकार बनाने के लिए लोगों को जागरूक बनाने का कार्य करें।