श्रावस्ती। डीएम अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला बाल संरक्षण समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले से बाल विवाह जैसी कुरीति को समाप्त करने का संकल्प लिया गया। बैठक में जिला संरक्षण अधिकारी मोहम्मद मुमताज ने विज्ञान फाउंडेशन संस्था का परिचय देते हुए कवच परियोजना के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से बीते तीन माह में गांव और ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षण, बैठकें और जागरूकता अभियान चलाए गए। इस दौरान कुल 94 ग्राम स्तरीय बाल संरक्षण समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। गांवों में अभिलेखों के रखरखाव में आ रही दिक्कतों को देखते हुए आईसीडीएस विभाग से वीएलसीपीसी रजिस्टर और बाल मैत्री पंचायत डायरी के रखरखाव में सहयोग मांगा गया।