श्रावस्ती। बाढ़ के दौरान परसा डेहरिया तिलकपुर तटबंध क्षतिग्रस्त हो गया था। क्षतिग्रस्त तटबंध को ठीक कराने के लिए चार करोड़ 53 लाख 23 हजार रुपये दिए गए थे। धनराशि से कार्य तो प्रारंभ हुआ लेकिन अभी अधूरा है। मंगलवार को डीएम ने तटबंध का औचक निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को 15 जून से पूर्व ही कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
परसा डेहरिया तिलकपुर तटबंध राप्ती नदी में आई बाढ़ के दौरान कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया था। यहां तक कि बाढ़ के दौरान कई स्थानों पर पानी तटबंध के ऊपर से बहने लगा था। इसी के बाद डीएम ने 400-400 मीटर दो स्थानों पर तटबंध का सुरक्षात्मक कार्य कराने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा था। जिसकी स्वीकृति शासन से मिल गई थी। यही नहीं इस कार्य के लिए चार करोड़ 53 लाख 23 हजार रुपये का बजट भी आवंटित कर दिया गया था। नदी के बाएं तट पर दो स्थानों पर आठ बोल्डर स्टड का निर्माण करने का भी निर्देश दिया गया था। कई महीने बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं हुआ। जबकि जिले में जून माह में बाढ़ की संभावनाएं बनी रहती हैं। ऐसे में मंगलवार को डीएम नेहा प्रकाश ने तटबंध पर हो रहे कार्य का औचक निरीक्षण किया। जिसमें कार्य की धीमी गति को देखते हुए नाराजगी जताई। साथ ही हर हाल में पंद्रह जून तक कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
वहीं, राप्ती बैराज के पास डाउन स्ट्रीम के बाएं तरफ लक्ष्मनपुर भगवानपुर के पास भी कटान निरोधी कार्य के लिए बजट दिया गया था। यहां 550 मीटर लाचिंग एप्रेन व स्लोप पिचिंग का कार्य होना है। यहां भी कार्य मात्र 35 प्रतिशत ही हुआ। जबकि छह अगस्त तक यह कार्य पूरा कर लेना है। ऐसे में डीएम ने निश्चित समय पर कार्य पूर्ण करने का आदेश दिया है। इस दौरान सीडीओ अनुभव सिंह सहित बाढ़ खंड व सरयू नहर खंड छह के अधिकारी मौजूद रहे।