श्रावस्ती। जिले में एक नवंबर से समर्थन मूल्य योजना के तहत धान खरीद की शुरुआत होगी। इसके लिए जिले में 36 धान क्रय केंद्र बनाए गए हैं। धान खरीद में किसानों को असुविधा न होने पाए। इसके लिए डीएम ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
क्रय केंद्र प्रभारियों को जारी निर्देश में जिलाधिकारी नेहा प्रकाश ने कहा है कि जिले में एक नवंबर सोमवार से सभी 36 क्रय केंद्रों पर धान की खरीद प्रारंभ होगी। क्रय केंद्रों पर समर्थन मूल्य योजना के तहत सामान्य श्रेणी का धान 2040 रुपये प्रति क्विंतल तथा ए ग्रेड का धान 2060 रुपये प्रति क्विंतल की दर से खरीदा जाएगा। सभी क्रय केंद्र अवकाश को छोड़ शेष सभी दिन सुबह 9.00 बजे से शाम 5.00 तक खुलेेंगे। क्रय केंद्र प्रभारी नियमित अपनी लाइव लोकेशन जिला खाद्य विपणन अधिकारी एवं एजेंसी के जिलास्तरीय अधिकारी को भेजेंगे। क्रय केंद्र पर धान का एक मानक नमूना भी प्रदर्शित किया जाएगा। प्रत्येक क्रय केंद्र पर दो इलेक्ट्रॉनिक कांटा, एक नमी मापक यंत्र, विनोईंग फैन एवं पॉवर डेस्टर व डबल जाली का छलना अनिवार्य रूप से रखा जाएगा। मंडी यार्डों में स्थापित क्रय केंद्रों पर यह व्यवस्था मंडी परिषद कराए।
वहीं मंडी परिसर के बाहर के क्रय केन्द्रों पर मंडी परिषद किराए पर यह उपकरण क्रय एजेंसियों को उपलब्ध कराएगा जिसका किराया क्रय एजेंसियों को देना होगा। यदि धान मानक के अनुरूप नहीं है तथा उसकी छनाई व सफाई करनी पड़ती है, तो यह कार्य किसान स्वयं करेंगे। यदि यह कार्य क्रय केंद्रों पर श्रमिकों से कराया जाता है तो किसान श्रमिकों को अधिकतम 20 रुपये प्रति क्विंतल की दर से भुगतान करेंगे। धान बिक्री के लिए किसानों का खाद्य विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है। यह पंजीकरण किसान स्वयं या जनसूचना केंद्र अथवा साइबर कैफे के माध्यम से करा सकते हैं। किसानों का धान पहले आओ पहले पाओ के आधार पर खरीदा जाएगा।