तुलसीपुर। जमुनहा बस अड्डे पर शनिवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो कार ने छह लोगों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। बोलेरो चालक टक्कर के बाद वाहन लेकर बॉर्डर की ओर भागा। कलकलवा गांव के पास वह एक ई-रिक्शा से भी टकरा गया। ई-रिक्शा में सवार प्रमोद कुमार मौर्य (45), आशीष मौर्य (17) और मोहित मौर्य (12) गंभीर रूप से घायल हो गए। मल्हीपुर क्षेत्र के अरशद रहमान (17), कमलावती (45) और रीता देवी (28) भी घायलों में शामिल हैं। ग्रामीणों ने भाग रहे बोलेरो को चालक सहित पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्हीपुर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने अरशद रहमान, प्रमोद कुमार मौर्य, आशीष मौर्य और मोहित मौर्य को भिनगा जिला चिकित्सालय रेफर किया। वहां सुधार न होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच भेजा गया।