श्रावस्ती। सिरसिया पुलिस ने क्राइम ब्रांच के साथ बिल्ली विशंभर पुर जंगल से मुठभेड़ के बाद गोवध के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से पुलिस ने एक तमंचा व गोवध में प्रयुक्त उपकरण बरामद किया। सिरसिया थाना क्षेत्र के औरा इमली जंगल में 14 मार्च की रात गोवध हुआ था। इसका मामला दर्ज कर सिरसिया पुलिस ने हेमपुर निवासी बाबू खां व शाहपुर पूरेशिवदीन निवासी अनिल को औरा इमली जंगल से गिरफ्तार किया था। जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गये थे। जिनकी गिरफ्तारी के लिए एसपी प्राची सिंह ने दो टीमें गठित की थीं।
इस मामले में टीम ने बिल्ली विशंभर पुर जंगल में नाकेबंदी की। जहां दो व्यक्ति गाय को लेकर आते दिखाई दिए। नजदीक आने पर जब पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो एक व्यक्ति ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में गोली लगने के बाद पुलिस ने एक आरोपी सलीम उर्फ मटरू को गिरफ्तार कर लिया। जबकि साथ में मौजूद भूरे भागने में सफल रहा।
गिरफ्तार सलीम को सीएससी सिरसिया ले जाया गया। जहां से उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा रेफर कर दिया गया। गिरफ्तार सलीम के कब्जे से एक 315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक बांका, एक छुरा, 2 नायलॉन की रस्सी, 3 बोरी बरामद हुई। जिसके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई है। संवाद