जिला चिकित्सालय में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक
श्रावस्ती। मौसम में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव से लोगों की सेहत प्रभावित हो रही है। इससे मौसमी बीमारियों में वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार को जिला चिकित्सालय में वायरल बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। कुल 872 मरीजों ने पंजीकरण कराया, जबकि डॉ. गोविंद शुक्ला ने लगभग 105 मरीजों की ओपीडी की। इनमें ज्यादातर बुखार व सर्दी-खांसी से पीड़ित थे। उन्होंने बताया कि बदलते मौसम में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ने से वायरस सक्रिय हो जाते हैं। इससे शरीर का तापमान बढ़ जाता है। चिकित्सकों ने बचाव के लिए हाथ स्वच्छ रखने, आंख, नाक, मुंह छूने से बचने की सलाह दी। उन्होंने पानी उबालकर पीने, ताजे फल व हरी सब्जियां खाने का सुझाव दिया। साथ ही, बाहर के खुले भोजन से परहेज करने को भी कहा।