सुकैया गांव में नाली व सड़क की सफाई करते ग्रामीण।
श्रावस्ती। स्वच्छ भारत मिशन के संचालन के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बदहाल है। हरिहरपुर रानी क्षेत्र के ग्राम जानकी नगर के मजरा सुकैया गांव में कई महीनों से सफाई व्यवस्था ध्वस्त है। गांव में सफाई कर्मी की तैनाती नहीं होने से नालियां गंदगी से पटी हैं। सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। गंदगी व सड़क किनारे उगी झाड़ियों के चलते विषैले जीवों का खतरा बना रहता है। गंदगी से परेशान ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को स्वयं नालियों और कूड़े के ढेरों को साफ किया। ग्रामीण समीउल्ला, अकरम और अजीज ने बताया कि अधिकारियों से शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब्दुल खालिक, इब्राहिम और अब्दुल्ला ने कहा कि गंदगी और झाड़ियों के कारण विषैले जीवों का खतरा बना रहता है। ग्राम प्रधान सैफुद्दीन ने बताया कि गांव में तैनात सफाई कर्मी को पिछले माह विभाग ने निलंबित कर दिया था। तब से किसी नए सफाई कर्मी की तैनाती नहीं हुई है। इसी कारण गांव में नियमित सफाई नहीं हो पा रही है।