तुलसीपुर (श्रावस्ती)। घर पर बताए बिना लापता हुए नौ बच्चों को पुलिस ने खोज निकाला। जांच में पता चला कि बच्चे बहराइच घूमने चले गए थे।
भिनगा क्षेत्र के राजा वीरपुर गौडरा निवासी लच्छीराम की सोनवा क्षेत्र के फतुहापुर में रिश्तेदारी है। इस कारण वह अक्सर वहां आता-जाता रहता था। शुक्रवार को वह नया टेंपो लेकर फतुहापुर आया था। यहां गांव के कुछ बच्चे टेंपो से घुमाने की जिद करने लगे। इसके बाद लच्छीराम परिजनों को बताए बिना गांव से नौ बच्चों को टेंपो में बैठाकर उसमें नई सीट लगवाने के लिए बहराइच चला गया। काफी देर तक बच्चों के घर न लौटने पर परिजनों ने सोनवा पुलिस को सूचना दी। हरकत में आई पुलिस ने खोजबीन शुरू कर दी। दोपहर बाद पुलिस ने सभी नौ बच्चों को बहराइच स्थित दुकान से लच्छीराम के साथ खोज निकाला। इस बारे में थानाध्यक्ष गणनाथ प्रसाद ने बताया कि केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)