श्रावस्ती। फाइलेरिया रोगियों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा नाइट ब्लड सर्वे किया जा रहा है। भिनगा शहरी सहित जिले के सभी ब्लॉकों के चिह्नित दो-दो क्षेत्रों (गांवों) में सर्वे होगा। हर क्षेत्र में तीन-तीन सौ लोगों का ब्लड सैंपल लिया जाएगा। सर्वे टीम में लैब टेक्नीशियन, एएनएम व आशा कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।
सीएमओ डॉ. अजय प्रताप सिंह ने बताया कि इस सर्वेक्षण का मकसद यह जानकारी करना है कि बीते सालों में एमडीए राउंड में जिनको फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाई जा चुकी है। उस लक्षित आबादी के सापेक्ष कितने प्रतिशत लोग फाइलेरिया से ग्रसित हैं। रक्त जांच के लिए पहले संबंधित सीएचसी की प्रयोगशाला और फिर राज्य स्तरीय प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
जांच में जो भी व्यक्ति धनात्मक (पॉजिटिव) मिलेगा, तुरंत उपचार शुरू कर दिया जाएगा। अभियान के तहत आयोजित कैंपों में रात आठ से 12 बजे तक संबंधित आशा कार्यकर्ता के सहयोग से लोगों का रक्त नमूना लिया जा रहा है। बताया कि रक्त के नमूनों को रात में ही इसलिए लिया जाता है, क्योंकि फाइलेरिया के परजीवी (माइक्रो फाइलेरिया) रात में खून में अधिक सक्रिय होते हैं।
सहायक मलेरिया अधिकारी राकेश पाल ने बताया कि सिरसिया ब्लॉक के लालपुर अयोध्या और अमराहवा, गिलौला ब्लॉक के ककन्धू और सुविखा, इकौना गांव के कंजड़वा और पासी पुरवा, हरिहरपुर ब्लॉक के भंगहा क्षेत्र के वर्गा वर्गी, सलारपुर, मल्हीपुर ब्लॉक के शिकारी चौड़ा और भेला गांव तथा भिनगा शहरी क्षेत्र के काशीराम और सुभाष नगर क्षेत्रों में नाइट ब्लड सर्वे किया जा रहा है।