श्रावस्ती। सीमा सुरक्षा व सीमा पार से तस्करी रोकने के लिए शनिवार को एसएसबी जवानों ने पुलिस के साथ सीमा पर पैदल गश्त की। इस दौरान लोगों से मिलकर उन्हें सुरक्षा का अहसास दिलाते हुए सीमा पार की अवैध गतिविधियों पर दृष्टि रखने व इसकी सूचना स्थानीय पुलिस व एसएसबी जवानों को देने की अपील की। जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा मादक पदार्थों की तस्करी व मानव तस्करी को रोकने के लिए सीमा पर निगरानी जरूरी है। इसके लिए शनिवार को पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने मल्हीपुर व सिरसिया पुलिस को एसएसबी जवानों के साथ इंडो नेपाल बॉर्डर पर संयुक्त गश्त करने का निर्देश दिया था।
इस पर पुलिस व एसएसबी जवानों ने अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव के नेतृत्व में सीमा पर संयुक्त रूप से पैदल गश्त की। इस दौरान संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की जांच भी की। साथ ही लोगों से नेपाल राष्ट्र की सीमा पर सतर्क दृष्टि रखने, मादक पदार्थों, मानव व गो तस्करी को रोकने के बारे मे जागरूक करते हुए ऐसे मामलों की स्थानीय पुलिस व एसएसबी जवानों को जानकारी देने की अपील किया जिससे इस तरह की गतिविधियों में लिप्त असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। इस दौरान जवानों ने तुरुषमा, गुज्जर गौरी, भरथा, सोनपथरी व गंभीरवा में सीमा स्तंभ भी जांचा। वहीं, शनिवार को सभी थाना व चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त की। इस दौरान व्यापारियों व आम लोगों से बातचीत भी की।